नई दिल्ली। बिहार के बीजेपी नेता और नीतीश सरकार में पिछड़ा अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह का सोमवार को निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे विनोद कुमार सिंह ने दिल्ली के मेदांता अस्पताल में अंतिम साँस ली।  





प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके विनोद कुमार सिंह को श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने लिखा है, 'बिहार के पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा है। वे गरीबों-वंचितों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहे। उन्होंने राज्य में भाजपा को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!'  



गृह मंत्री अमित शाह ने भी विनोद कुमार सिंह के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। विनोद कुमार सिंह को जून में कोरोना इंफेक्शन होगया था, जो ठीक भी हो गया था। लेकिन 16 अगस्त को उन्हें अचानक ब्रेन स्ट्रोक आ गया। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विनोद कुमार सिंह काफी समय से कोमा में थे। आखिरकार सोमवार को उनका निधन हो गया। विनोद कुमार सिंह प्राणपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे। 2017 में वे पहली बार बिहार सरकार में मंत्री बने थे।