नई दिल्ली। पंजाब के अमृतसर में बीएसएफ मेस में हुई गोलीबारी में पांच जवानों की मौत हो गई। बीएसएफ के कॉन्स्टेबल ने पहले अपने साथियों को गोलियों से भून दिया, इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। गोलीबारी में अब तक कुल पांच जवानों की मौत की पुष्टि हुई है। 

यह घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। अमृतसर के खासा स्थित 144 बटालियन के मुख्यालय के मेस में कॉन्स्टेबल सत्तेप्पा एस ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।सत्तेप्पा ने मेस में मौजूद बीएसएफ के जवानों पर अंधाधुन गोलीबारी शुरू कर की। 

अचानक और अंधाधुन फायरिंग की वजह से वहां मौजूद जवानों को भागने का मौका नहीं मिला और चार जवानों की मौत हो गई। ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद कॉन्स्टेबल ने खुद को भी गोली मार ली और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। 

आनन फानन में घायल जवानों को गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीएसएफ ने इस पूरी घटना पर जांच करने का फैसला किया है। शुरुआती तौर पर यह जानकारी सामने आई है कि गोली चलाने वाला कॉन्स्टेबल लगातार ड्यूटी करने की वजह से परेशान था।