नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र आज से शुरू होने जा रहा है। बजट सत्र के हंगामेदार रहने की उम्मीद है, क्योंकि विपक्ष इस सत्र में कई मुद्दों पर केंद्र को घेरने की तैयारी में है। जिसमें अडानी समूह का कथित फ्रॉड से लेकर 2002 के गुजरात दंगों पर बनी बीबीसी डॉक्यूमेंट्री का मुद्दा शामिल है।

सत्र की शुरुआत संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संयुक्त संबोधन के साथ होगी, जिसके बाद केंद्रीय बजट पेश किए जाने से एक दिन पहले मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण पेश की जाएगी। आर्थिक सर्वेक्षण मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन द्वारा तैयार किया गया है। 

यह भी पढ़ें: याद रहेगी भारत जोड़ो यात्रा के दो योद्धाओं की जुगलबंदी, प्रेम और सद्भाव के बीच संपन्न हुई यात्रा

जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी 10.30 बजे संसद गेट पर मीडिया से बात करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 बजे अपने भाषण के साथ सत्र की शुरुआत करेंगी। वहीं, बीआरएस आज राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेगी। सत्र के दौरान सरकार की नजर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वित्त वर्ष 2023-24 के आम बजट आदि पर सुचारू रूप से चर्चा कराने पर रहेगी।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2023 को वित्त वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा और दूसरा चरण 13 मार्च से शुरू होकर छह अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र के दौरान 27 बैठक होंगी। सोमवार को सर्वदलीय बैठक में सरकार ने कहा है कि वह संसद में नियमों के तहत हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है और सदन सुचारू रूप से चलाने में सभी का सहयोग चाहती है।