सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (CBSE) की कक्षा दसवीं का रिजल्ट बुधवार को जारी हो गया। इस साल करीब 18 लाख छात्रों ने सीबीएसई 10वीं की परीक्षा दी थी, जिसमें 91.46 फीसदी छात्र उत्तीर्ण रहे। इस साल दसवीं के परिणाम में सबसे अच्छा प्रदर्शन केंद्रीय विद्यालय का रहा जबकि दूसरे स्थान पर जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र रहे। परीक्षा परिणाम आने के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि एक की स्थापना नेहरू ने की थी जबकि दूसरे की राजीव गांधी ने की थी।



दरअसल, देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने वर्ष 1963 में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की थी। वहीं साल 1985 में देश के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी ने जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना की थी। इस साल सबसे अच्छा रिजल्ट केंद्रीय विद्यालय का रहा जहां के 99.23 छात्र सफल रहे वहीं इसके बाद दूसरे स्थान पर नवोदय विद्यालय रहा जहां के 98.66 फीसदी छात्रों ने सफलता प्राप्त की। इसे लेकर सुमित कश्यप नाम के एक ट्वीटर यूजर ने छात्रों की सफलता प्रतिशत को शेयर करते हुए लिखा, 'एक कि स्थापना जवाहरलाल नेहरू ने तो दूसरे की स्थापना राजीव गांधी ने की है।





 



सुमित के इस ट्वीट पर लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। विजय सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा है कि पीएम मोदी ने व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी की स्थापना की है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा है कि जो पीएम होगा वही योजना लाएगा इसमें गलत क्या है उस समय वही प्रधानमंत्री थे। बता दें कि इस वर्ष 12वीं के रिजल्ट में सफलता प्रतिशत में जेएनवी के छात्र प्रधम और केंद्रीय विद्यालय के छात्र दूसरे स्थान पर रहे हैं। वहीं पिछले वर्ष के 10वीं का परिणाम देखा जाए तब भी केंद्रीय विधालय व जेएनवी के छात्रों ने सफलता का परचम लहराया था। और वे प्रतिशत में क्रमशः पहले व दूसरे स्थान पर रहे थे।