इंदौर। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों की जेब को बुरी तरह प्रभावित किया है। खुदरा महंगाई दर में लगातार सातवें महीने रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। दैनिक इस्तेमाल की चीजें बेतहाशा महंगी हुई हैं। इसी बीच, महंगाई को लेकर बीजेपी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं शक्कर और महंगी हो जाए।

मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को त्योहारों के मौसम से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों पर विपक्षी दलों की आलोचना के जवाब में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आजकल 90 प्रतिशत लोग मिठाइयां पसंद नहीं करते हैं, और उन्होंने खुद भी ऐसी चीज़ें खाना पूरी तरह बंद कर दिया है।

पत्रकारों से बात करते हुए बीजेपी नेता ने दावा किया कि चीनी की कीमतें लगातार कम हो रही हैं। उन्होंने कहा, ‘वैसे भी, आजकल 90 प्रतिशत लोग मिठाइयां पसंद नहीं करते हैं। मैं आपको बता दूं, मैं बिल्कुल भी मिठाई नहीं खाता हूं।’

मंत्री विजयवर्गीय ने आगे कहा, ‘मेरा कहना है कि (चीनी) बहुत महंगी होनी चाहिए। (चीनी) सिर्फ़ बच्चों के लिए सरकारी उचित मूल्य की दुकानों पर सस्ती दरों पर मिलनी चाहिए... बुजुर्गों को चीनी बिल्कुल नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, खासकर आयुर्वेदिक डॉक्टर, 40 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों के लिए चीनी का सेवन अच्छा नहीं मानते हैं।

उन्होंने कहा कि अगर आप 40 साल से ज़्यादा उम्र के हैं, तो कभी-कभी गुड़ खा सकते हैं, लेकिन चीनी से पूरी तरह परहेज करें। विपक्षी दल कांग्रेस ने विजयवर्गीय के बयान की तीखी आलोचना की है। 
उन्होंने कहा कि महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आए बीजेपी नेता चीनी पर अपने बेतुके बयानों से गरीबों और मध्यम वर्ग का अपमान और मज़ाक उड़ा रहे हैं।

पटवारी ने आगे कहा कि देश बीजेपी नेताओं को देख रहा है। लोग आने वाले चुनावों में उनकी हंसी का मुंहतोड़ जवाब देंगे। तब देखेंगे कि उनकी मुस्कान बनी रहती है या वे आंसू बहाते हैं।