लखनऊ। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जल्द ही उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। यूपी में एंट्री से पहले यात्रा को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का साथ मिल है। अखिलेश यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर यात्रा में शामिल होने की जानकारी दी है।



दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने अखिलेश यादव को पत्र लिखकर राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में सम्मिलित होने का न्योता दिया था। यादव ने न्योता स्वीकारते हुए खड़गे को कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से अमेठी अथवा रायबरेली में इस यात्रा में शामिल होंगे।



उन्होंने खड़गे को पत्र लिखकर कहा कि आशा है ये ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ उप्र में प्रवेश करके पीडीए की रणनीति से जुड़ेगी और हमारे ‘सामाजिक न्याय’ एवं परस्पर सौहार्द के आंदोलन को और आगे ले जाएगी। इंडिया की टीम और पीडीए की रणनीति, जीत का नया इतिहास लिखेगी।





इससे पहले जब अखिलेश यादव से मीडिया की ओर से पूछा गया कि क्या आप भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे? इस पर सपा अध्यक्ष ने कहा था कि, मुश्किल तो ये हैं कि कई बड़े आयोजन होते हैं, बड़े कार्यक्रम होते हैं, हम लोगों को निमंत्रण ही नहीं मिलता। तो अपने आप क्या मांगें हम निमंत्रण। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें पत्र लिखकर न्योता दिया था।