नई दिल्‍ली। भारत में कोरोना का आंकड़ा आठ लाख को पार कर गया है वहीं पिछले 4 दिनों में भारत में एक लाख से ज्यादा नए कोरोना केस आए हैं। दुनियाभर में कोरोना के आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट वर्ल्डोमीटर के मुताबिक पिछले 24 घंटों में भारत में 27,728 नए कोरोना मरीज मिले हैं वहीं 521 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक 8 लाख 22 हजार 570 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 22,144 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 2 लाख 84 हजार 220 है। राहत की बात ये है कि देशभर में अबतक कुल 5 लाख 16 हजार 206 मरीज इस महामारी से जंग जीतकर पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं।

देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन तकरीबन 25 हजार की वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में 521 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 22,144 लोगों की जानें ली है। इंडियन कॉउन्सिल ऑफ मेडिकल रिसर्च द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार देशभर में कोरोना टेस्टिंग लैब्स की संख्या बढ़कर 1169 हो गयी है जिनमें सरकारी लैब्स की संख्या 835 और प्राइवेट लैब्स की संख्या 334 है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना मृत्यु दर घटकर 2.72 प्रतिशत हो गयी है जो अन्य देशों के मुकाबले काफी कम है। वहीं रिकवरी रेट बढ़कर 63 फीसदी तक जा पहुंचा है।

दुनियाभर में इस महामारी से अबतक 1 करोड़ 25 लाख 42 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें 5 लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर है। भारत ने रूस, ब्रिटेन, स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 32 लाख 72 हजार से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें  एक लाख 36 हजार से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों का संख्या 17 लाख 68 हजार से ज्यादा है वहीं 69 हजार से ज्यादा मौतें हुई है।