भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में कथित जातीय भेदभाव का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक दलित मजदूर को निजी क्लीनिक के बाहर रखे बर्तन से पानी पीने पर कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दी गई। साथ ही डंडे से पीटा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 23 जून को भोला गौतम अपने साथी मजदूर ओम प्रकाश विश्वकर्मा के साथ पेंटिंग का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में सिरदर्द होने पर वह दवा लेने के लिए एक निजी क्लीनिक पहुंचे। दवा लेने के दौरान जब उन्होंने पानी मांगा तो उन्हें क्लीनिक के बाहर रखा बर्तन इस्तेमाल करने के लिए कहा गया।
यह भी पढ़ें:सेंधवा के CM राइज स्कूल का छज्जा गिरा, कक्षा में पढ़ रहीं दो छात्राएं घायल
एफआईआर के अनुसार, जैसे ही भोला गौतम ने उस बर्तन से पानी पिया वैसे ही पास की दुकान पर मौजूद सुभाष बिंद ने कथित तौर पर उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने यह कहते हुए आपत्ति जताई कि एक दलित व्यक्ति ने उस बर्तन का इस्तेमाल कर उसे अपवित्र कर दिया है। इसके बाद उसने डंडे से हमला कर दिया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान भोला गौतम के साथ मौजूद उनके सहकर्मी ओम प्रकाश विश्वकर्मा और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। हमले में उनके सिर, पेट, पीठ और पैरों में चोटें आई। पहले उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। वहां उनका करीब 12 दिनों तक इलाज चला।
यह भी पढ़ें:BJP विधायक गोलू शुक्ला की बस ने अब गायों को मारी टक्कर, भड़के ग्रामीणों ने बस में लगाई आग
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भोला गौतम ने 5 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनकी तहरीर के आधार पर सोमवार देर रात एफआईआर दर्ज की गई। मामले की पुष्टि करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों, जिनमें मुख्य आरोपी सुभाष बिंद भी शामिल है, को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।