नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष की ओर से संयुक्त उम्मीदवार की घोषणा के बाद अब सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन ने भी अपना पत्ता खोल दिया है। एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार होंगी। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मंगलवार को इसका ऐलान किया।

जानकारी के मुताबिक एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार के नाम पर मंथन के लिए मंगलवार को राजधानी दिल्ली पार्टी मुख्यालय में BJP संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक के बाद जेपी नड्डा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की पूर्व गवर्नर द्रौपदी मुर्मू एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार होंगी। नड्डा ने बताया कि संसदीय बोर्ड की बैठक में करीब 20 नामों पर चर्चा हुई और आखिर में मुर्मू के नाम पर मुहर लगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, BJP अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गड़करी समेत संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद थे।

द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पूर्व राज्यपाल हैं। ओडिशा की रहने वाली द्रौपदी मुर्मू राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। उनकी उम्मीदवारी को गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों के लिए भी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी उनके बहाने आदिवासी वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहती है। अगर मुर्मू चुनाव जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी।