नई दिल्ली। फर्टिलाइजर घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने राज्यसभा में आरजेडी के सांसद अमरेंद्र धारी सिंह को फर्टिलाइजर घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। अमरेंद्र धारी सिंह को दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया है। अब प्रवर्तन निदेशालय आरजेडी नेता से इस पूरे घोटाले के बारे में पूछताछ करेगा। 

अमरेंद्र धारी सिंह बिहार के पटना के रहने वाले हैं। आरजेडी नेता का भारत समेत 10 से अधिक देशों में फर्टिलाइजर का कारोबार है। दुबई में मौजूद एक फर्टिलाइजर कंपनी के वे उपाध्यक्ष भी हैं। आरजेडी नेता पर आरोप है कि उन्होंने विदेशों से आने वाले फर्टिलाइजर में करोड़ों रुपए का घोटाला किया है। घोटाले का यह आंकड़ा 600 करोड़ से अधिक बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरजेडी सांसद अमरेंद्र धारी सिंह और उनके सहयोगियों पर विदेशों से आने वाले फर्टिलाइजर में करीब 685 करोड़ का कमीशन खाने का आरोप है। आरोप है कि एडी सिंह और उनके सहयोगियों ने विदेशों से आने वाले फर्टिलाइजर को ज़्यादा दामों में खरीदा हुआ दर्शाया। जिसके एवज में आरजेडी नेता और उनके सहयोगियों के बैंक खाते में 685 करोड़ कमीशन के तौर पर पहुंचाए गए। इसके बाद इन पैसों को अमेरिका में रहने वाले भारतीय मित्रों के खाते में पहुंचा दिया गया।