तिरुवनंतपुरम। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। विजयन के घर पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी चल रही है। ये छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले की जा रही है। ईडी ने पिनाराई विजयन के घर समेत 12 जगहों पर रेड मारी है।

सीएमआरएल कार्यालय और पिनारायी विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित आवास समेत अन्य जगहों पर छापेमारी चल रही है। यह छापेमारी केरल हाई कोर्ट द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी से जुड़े सीएमआरएल मामले में ईडी की जांच को रद्द करने से इनकार करने के बाद शुरू हुई है। मामला कोच्चि की कंपनी CMRL यानी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड से जुड़ा है, ये कंपनी विजयन की बेटी से जुड़ी है।

आरोप है कि कंपनी ने साल 2012-13 से 2018-19 के बीच ट्रांसपोर्टेशन और स्लज हैंडलिंग के नाम पर करीब 133.82 करोड़ रुपये का फर्जी खर्च दिखाया। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी पैसे को नकद में निकालकर नेताओं, राजनीतिक दलों, मीडिया संस्थानों और कुछ सरकारी अधिकारियों तक पहुंचाया गया।

बता दें कि साल 2024 में ईडी ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन और उनकी आईटी कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत केस दर्ज किया था। मामला एक खनिज कंपनी द्वारा वीणा विजयन की फर्म को कथित अवैध भुगतान से संबंधित है। गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय की एक शिकायत के आधार पर ईडी ने यह केस दर्ज किया था।