नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच विगत 40 दिनों से जारी जंग 2 हफ्तों के लिए रोक दी गई है। दोनों देशों के बीच आखिरकार सीजफायर पर सहमति बन गई है। हालांकि, संघर्षविराम के बाद भी युद्ध का संकट अभी टला नजर नहीं आ रहा है। भारत सरकार ने संघर्ष विराम के बीच अपने नागरिकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें नागरिकों से तत्काल ईरान से निकलने की अपील की गई है।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि पिछली एडवाइजरी की निरंतरता बरकरार सखते हुए अब भी ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को देश जल्द छोड़ने की सलाह दी जाती है। नागरिक तय किए गए रूट्स का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षित तरीके से देश से बाहर निकलें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि दूतावास से संपर्क किए बिना कोई भी किसी अंतरराष्ट्रीय सीमा का रुख न करे।

वहीं, किसी भी विपत्ति या आपातकालीन स्थिति में हों तो नागरिक दूतावास के जारी मोबाइल नंबरों या ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं। ये नंबर-+989128109115; +989128109102, +989128109109;+989932179359 हैं।
इससे पहले 7 अप्रैल की रात भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डेडलाइन करीब आने के साथ ही दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी थी। 

इसमें अगले 48 घंटों तक कहीं आने-जाने से बचने की सलाह दी गई थी। दूतावास द्वारा अपील की गई कि भारतीय नागरिक बिजली, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर जाने से बचें, घर के अंदर रहें, और हाईवे पर किसी भी मूवमेंट के लिए दूतावास से पूरी तरह से संपर्क साधें। ईरान संघर्ष से पहले (28 फरवरी) और बाद में भी लगातार अपने लोगों को भारत सरकार की ओर से संभल कर रहने, सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया जाता रहा है।