नई दिल्ली। दिल्ली के प्रताप नगर इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई है। फैक्ट्री में आग लगने से अफरातफरी का माहौल बन गया है। आग पर काबू पाने के लिए बीस दमकल की गाडियां मौके पर तैनात हैं। एक व्यक्ति के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की सूचना है। जबकि फैक्ट्री से एक शव भी बरामद किया गया है। 

बीती रात करीबन 3.29 बजे प्रताप नगर स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई। यह फैक्ट्री प्रताप नगर के मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। इस फैक्ट्री में कार और बाइक के पार्ट्स बनाए जाते हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह सिलेंडर के फटने को बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के कारण की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

फैक्ट्री में लगी आग पर काबू करने के लिए इस समय करीब सौ फायर फाइटर्स तैनात हैं। फैक्ट्री से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है जबकि फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए व्यक्ति को उसके परिजन ढूंढने पहुंचे हुए हैं। अभी तक तीन लोगों के घायल होने की खबर है। घायल व्यक्तियों में दो फैक्ट्री में काम करने वाले हैं जबकि एक फायर फाइटर है।