भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली, जो पिछले कई वर्षों से गंभीर स्वास्थ्य और आर्थिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, कांबली को ठाणे के अक्रूति अस्पताल में गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है, लेकिन जब उन्हें अस्पताल लाया गया था, तो उनकी स्थिति बेहद नाजुक थी। डॉक्टरों की जांच में उनके मस्तिष्क में थक्के (ब्रेन क्लॉट्स) पाए गए हैं, जो उनकी स्थिति को चिंताजनक बना रहे हैं। इसके अलावा, उन्हें मूत्र संक्रमण, सोडियम और पोटैशियम की कमी, और ब्लड प्रेशर में गड़बड़ी जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा।

डॉक्टरों ने बताया कि कांबली को तेज बुखार, चक्कर, ऐंठन और कमजोरी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। भर्ती के समय वह चलने-फिरने में असमर्थ थे और बेहोशी की स्थिति में थे। डॉक्टरों ने तुरंत एंटीबायोटिक्स और जरूरी दवाएं देकर उनकी स्थिति को संभाला। कांबली ने अस्पताल से अपना बयान जारी करते हुए डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह डॉक्टरों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीवनभर मुफ्त इलाज की घोषणा की है।

कांबली पिछले एक दशक से स्वास्थ्य और आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने 2022 में स्वीकार किया था कि उनकी आय का एकमात्र स्रोत बीसीसीआई की पेंशन है, जो हर महीने 30,000 रुपये है। इसके बावजूद वह अपनी पत्नी और दो बच्चों की देखभाल कर रहे हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि अत्यधिक शराब के सेवन के कारण उनकी तबीयत खराब हुई थी, हालांकि, उन्होंने छह महीने पहले ही शराब और धूम्रपान छोड़ने का दावा किया।

यह भी पढ़ें: Shyam Benegal Demise: मशहूर फिल्ममेकर श्याम बेनेगल का निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर

कांबली को 2013 में दो बार दिल का दौरा पड़ा था और तब उनकी सर्जरी के लिए उनके बचपन के दोस्त और महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आर्थिक मदद की थी। कांबली ने हाल ही में सचिन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सचिन ने हमेशा उनकी मदद की है और उनका बचपन का रिश्ता आज भी उतना ही मजबूत है। कांबली ने रिहैब में जाने की इच्छा भी व्यक्त की ताकि वह अपने परिवार के लिए बेहतर जीवन जी सकें।