Shyam Benegal Demise: मशहूर फिल्ममेकर श्याम बेनेगल का निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर

नहीं रहे 8 बार के नेशनल फिल्म अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर श्याम बेनेगल, 90 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

Updated: Dec 23, 2024, 09:13 PM IST

मुंबई। देश के मशहूर फिल्ममेकर श्याम बेनेगल का निधन हो गया। उन्होंने 90 साल की उम्र में सोमवार शाम मुंबई में आखिरी सांस ली। उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री सदमे में है। 8 बार के नेशनल फिल्म अवॉर्ड विजेता श्याम बेनेगल को लीक से अलग हटकर फिल्में बनाने के लिए जाना जाता है। उन्हें भारत सरकार ने पद्म भूषण से नवाजा था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक श्याम बेनेगल मुंबई के वोकहार्ट अस्पताल में भर्ती थी। सोमवार शाम करीब 6:38 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। उनकी बेटी पिया बेनेगल ने बताया कि वे लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। दो साल पहले उनकी दोनों किडनी खराब हो गई थीं। उसके बाद से उनका डायलिसिस के साथ इलाज चल रहा था। 14 दिसंबर को ही उन्होंने 90वां जन्मदिन मनाया था।

श्याम बेनेगल के नाम सबसे ज्यादा नेशनल अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड है। उन्हें 8 फिल्मों के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। श्याम बेनेगल की फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को बेहतरीन कलाकार दिए, जिनमें नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, अमरीश पुरी, अनंत नाग, शबाना आजमी, स्मिता पाटिल और सिनेमेटोग्राफर गोविंद निहलानी प्रमुख हैं।

जवाहरलाल नेहरू और सत्यजीत रे पर डॉक्यूमेंट्री बनाने के अलावा उन्होंने दूरदर्शन के लिए धारावाहिक 'यात्रा', 'कथा सागर' और 'भारत एक खोज' का भी निर्देशन किया। राज्यसभा टीवी के लिए "संविधान" पर विशेष डॉक्यूमेंट्री का भी निर्देशन श्याम वेनेगल ने किया था।

फिल्म जगत को दिए योगदान के लिए उन्हें 1976 में पद्मश्री और 1991 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा इनके खाते में 8 नेशनल अवॉर्ड हैं। सबसे ज्यादा नेशनल अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है। बेनेगल को 2005 में भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड भी दिया गया।