नई दिल्ली। बाढ़ का पूर्वानुमान लगाने की अपनी पहल के चलते गूगल ने केंद्रीय जल आयोग के साथ समझौता किया है। इस पहल को गूगल पिछले कई महीने से चला रहा है। इसके तहत उसने देशभर में बाढ़ को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को सार्वजनिक नोटिफिकेशन भेजीं। गूगल ने 14 अगस्त को एक बयान में कहा कि इस पहल के तहत लोगों को बाढ़ की चेतावनी, नई और जरूरी सूचनाएं दी जाती हैं, इससे लोगों को अपनी, परिवार और मित्रों की सुरक्षा को लेकर सही निर्णय लेने में मदद मिलती है।

कंपनी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एंड्राइड फोन का इस्तेमाल करने वाले हर नागरिक को यह नोटिफिकेशन मिलीं। इसके लिए उनके फोन पर लोकेशन ऑन होना चाहिए। बयान में बताया गया कि देश के बिहार और असम जैसे राज्य बाढ़ की चपेट में हैं और गूगल हिंदी, बंगाली, अंग्रेजी और उपयोगकर्ता की लोकेशन और फोन की भाषा के अनुसार नोटिफिकेशन जारी कर रहा है।

बयान में आगे बताया गया कि उपयोगकर्ता खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों से जुड़ी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकता है। बताया गया कि उपयोगकर्ता यह भी जान सकता है कि आगे आने वाले दिनों में पानी का स्तर कितना बढ़ जाएगा। गूगल मैप के सहारे उपयोगकर्ता किसी भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पानी के स्तर का अंदाजा लगा सकता है।