गाजियाबाद। राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल के गनर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना यूपी के गाजियाबाद की है। बताया जा रहा है कि कविनगर स्थित सांसद के आवास के कर्मचारी निवास पर गनर गौरव कुमार ने खुद को गोली मार ली। जिसके बाद उस गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, गनर के साथ रहने वाले चालक संजय सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 8.15 बजे गौरव कमरे में आने के बाद कान में ईयरफोन लगाकर बात कर रहा था। संजय को लगा कि गौरव अपने घर बात कर रहा है। इसलिए वह कमरे से बाहर चला गया। कुछ देर बात ड्राइवर संजय को गोली चलने की आवाज सुनी। जिसके बाद ड्राइवर ने कमरे में जाकर देखा तो गौरव लहूलुहान हालत में पड़ा था। संजय ने इसकी जानकारी सांसद अनिल अग्रवाल को दी। सांसद ने घटना की सूचना एसएसपी को दी। आनन-फानन में गौरव को अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

बताया जा रहा है कि गौरव बागपत के गांव सरूरपुर का रहने वाला था। करीब 6 महीने से वह राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल के कविनगर आवास एफ-91 पर बतौर गनर ड्यूटी कर रहा था। वहीं ड्राइवर संजय सिंह भी गौरव के साथ सांसद के आवास पर बने रेस्ट रूम में रहता है। गौरव 2011 बैच का सिपाही था और उसे मार्च में ही पुलिस लाइन से सांसद की सुरक्षा में तैनात किया गया था।