कोरोना के चलते हज यात्रा का खर्च काफी बढ़ने वाला है। 2021 में होने वाले हज के लिए हज कमेटी की ओर से खर्च की अनुमानित रकम बताई गई है। यह रकम पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक है। आगे चलकर इसमें और इजाफा होने की उम्मीद है।

हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुताबिक 2021 में होने वाली हज यात्रा पर अनुमानित खर्च कम से कम 3.70 लाख रुपये आ सकता है। इसी के साथ अगर इसमें दूसरे खर्च जोड़ दें तो एक यात्री पर यह रकम 5.27 लाख रुपये तक हो सकती है। 2019 की हज यात्रा के दौरान एक यात्री का खर्च 2.48 लाख रुपये था। सभी खर्चों को जोड़कर यह रकम 3.22 लाख रुपये हो गई थी। 2020 में कोरोना के चलते हज पर भारत से कोई यात्री नहीं जा सका। लेकिन हज कमेटी ऑफ इंडिया ने खर्च के बारे में जो जानकारी दी थी उसके मुताबिक न्यूनतम खर्च 2.50 लाख रुपये और अधिकतम 3.50 लाख रुपये रखा गया था। 2021 की हज यात्रा में एक यात्री का खर्च करीब 1 लाख 27 हज़ार रुपये अधिक हो सकता है।

2021 की हज यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम जारी

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज एक्शन प्लान जारी कर दिया है। हज यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर तय की गई है। कोरोना के चलते हज 2021 के लिए कई नियम बनाए गए हैं। हज पर जाने की उम्र सीमा तय की गई है। इसी के साथ सऊदी में रुकने के दिनों की संख्या को भी घटाया गया है। 18 से 65 साल की उम्र वाले ही हज यात्रा पर जा सकेंगे। वहीं फरवरी 2021 में हज ट्रेनर का प्रशिक्षण आयोजित होगा। जिसके बाद मार्च में प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी। अप्रैल में चुने गए हज यात्रियों की आखिरी किस्त जमा होगी।  13 अप्रैल 2021 से यात्री हज के लिए उड़ान भरेंगे। यह सिलसिला 26 जून 2021 तक जारी रहेगा। 19 जुलाई 2021 को हज यात्रा पूरी होगी। यात्रियों के वापस लौटने का सिलसिला 30 जुलाई से 14 अगस्त तक चलेगा।