पटना/नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बयान से बिहार समेत पूरे देश की राजनीति में हलचल मच गई है। उनके बयान को ‘वोट चोरी’ का सबूत बताया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी आरजेडी ने जीनत राम मांझी के बयान को 'वोट चोरी' के सबूत के तौर पर जनता के सामने पेश किया और इस मुद्दें पर बीजेपी और केंद्र की मोदी सरकार को घेरा है।

कांग्रेस ने जीनत राम मांझी का वीडियो बयान सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, 'वोट चोरी का सबूत, मोदी सरकार के मंत्री जीतन राम मांझी का कहना है- 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनका एक कैंडिडेट बुरी तरह हार रहा था। फिर मोदी के मंत्री ने DM से सेटिंग की और हारते हुए कैंडिडेट को 2,700 वोट से जितवा दिया गया है। इस बार उस कैंडिडेट ने मंत्री से संपर्क नहीं किया, इसलिए वो सेटिंग न कर पाए और वो कैंडिडेट चुनाव हार गया।
जानकारी के लिए- DM ही चुनाव आयोग के अधिकारी होते हैं। इस बयान से साफ है कि नरेंद्र मोदी, BJP और इनके सहयोगी दल 'वोट चोरी' करके चुनाव जीत रहे हैं। ये लोग चुनाव आयोग के साथ सेटिंग करके लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं।'

सोशल मीडिया पर जीतन राम मांधी का का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कह रहे हैं, 'एक सीट गलती से वु हार गेलन। अगर वो हमसे कहे होते, जैसा 2020 में उन्होंने हमसे कहा था। हम हार रहे हैं, कोई उपाय है। उस समय वो 2700 वोट से हार रहे थे। हम प्रयास किए और वो जीत गए। 2025 में महज वो 1600 वोट से हारे हैं। दुर्भाग्य हमारा है। उनका क्या दिमाग हो गया, हमसे बात नहीं किए। सीधे मैदान छोड़कर भाग गए। जो साथी कलेक्टर जो 2020 में अभिषेक सिंह रहे। वो त्रिपुरा में हैं अभी। उन्होंने टेलीफोन किया था। सर हम, आपको 2700 वोट से पीछे थे, तो जीता दिए। इस बार तो 1600 वोट का मामला था। जीता देने में क्या दिक्कत रही। हम भी माथा पीट लिए कि हमारे पास जानकारी होती तब न।'

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मगही में यह बयान दिया है। उनके इस बयान बयान के बाद बिहार में बवाल मचा है। उसके बाद एक बार फिर वोट चोरी और धांधली का मुद्दा खड़ा हो गया है। गयाजी जिले के बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर प्रखंड के एक कार्यक्रम में जीतनराम मांझी ने यह बयान दिया है। हालांकि जीतन राम मांझी ने कहा है कि उनके वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है।

मांझी के बयान पर आरजेडी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि यह भारत सरकार में कैबिनेट मंत्री, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तथा हम पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी जी है जो ठगेश कुमार जैसे पिद्दी पालतू आयुक्त के मुंह पर करारा तमाचा जड़ डंके की चोट पर खुले मंच से चुनाव नतीजों में हेरा-फेरी, मशीनरी और धांधली से चुनाव जितने का शाही फॉर्मूला बता रहे हैं।

RJD ने कहा, 'ये बता रहे है कि कैसे इनकी पार्टी ने 2020 में 2700 वोट से हारने के बाद भी टिकारी विधानसभा का चुनाव जीता था और कैसे त्रिपुरा कैडर के 2006 बैच के बिहार में डेप्युटेशन पर पदस्थापित तत्कालीन भ्रष्ट, जातिवादी, निकम्मे, नालायक व नाजायज जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने अपनी शपथ भूल बाबा साहेब के संविधान की धज्जियां उड़ाते हुए अनैतिक रूप से चुनाव जिताने में उनकी मदद की थी। इसका उस भ्रष्ट अधिकारी को ईनाम भी मिलता रहा और वह बिहार में एक्सटेंशन पर एक्सटेंशन प्राप्त करता रहा।'