नई दिल्ली। इंडिगो ने अपनी रद्द उड़ानों के सभी यात्रियों को टिकट का पैसा लौटाने की घोषणा की है। कंपनी ने 31 जनवरी 2021 तक सभी यात्रियों का पैसा वापस करने की बात कही है। ये उड़ाने इसी साल कोरोना महामारी के कारण घोषित लॉकडाउन की वजह से रद्द हुई थीं। कंपनी का कहना है कि करीब 1,000 करोड़ रुपये के रिफंड से संबंधित कामकाज को पूरा कर लिया है। यह यात्रियों की रिफंड की जाने वाली राशि का 90 फीसदी है।

इंडिगो के सीईओ रोनोजॉय दत्ता ने 100 फीसदी क्रेडिट शेल का भुगतान करने की बात कही है। उन्होने बताया कि लॉकडाउन की वजह से मार्च के अंत में सभी उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। एयरलाइन का परिचालन ठप होने की वजह से हमारे पास नकदी का प्रवाह रुक गया। जिस वजह से हम यात्रियों का पैसा वापस नहीं कर पा रहे थे। लेकिन अब उड़ानें फिर से शुरू होने से हालात में काफी सुधार आया है। जिसके बाद अब हम यात्रियों का पैसा वापस करने की स्थिति में आ गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम 100 फीसदी क्रेडिट शेल का भुगतान 31 जनवरी 2021 तक कर देंगे।

गौरतलब है कि लॉकडाउन के चलते रद्द की गई उड़ानों के बाद रद्द टिकटों पर क्रेडिट शेल बनाया गया था। क्रेडिट शेल का इस्तेमाल यात्री भविष्य में टिकट बुकिंग के लिए कर सकता है। 25 मई को फिर से घरेलू उड़ानों को शुरू किया गया था। लेकिन तब भी कई उड़ाने रद्द हुई थीं। जिसके बाद यात्रियों ने पैसे वापस करने के लिए आवाज उठाई थी।