नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों ने आज ग्लोबल वेबिनार का आयोजन किया है। बताया जा रहा है कि इस वेबिनार में दुनियाभर के किसान और खेतीबाड़ी से जुड़े लोग शामिल हो रहे हैं। वेबिनार का विषय 'तीन कृषि कानूनों का किसानों पर असर' रखा गया है। 



किसानों की आवाज और उनकी मांगों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए आयोजित इस वेबिनार में शामिल होने के लिए किसान एकता मोर्चा ने अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट से इसका लाइव लिंक साझा किया है। वेबिनार का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक है। वेबिनार के लिए कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, मेलबर्न और ब्रिटेन का समय भी साझा किया गया है। 





इस वेबिनार में किसान आंदोलन और कृषि कानूनों से जुड़े सवालों का किसान संगठन के नेताओं द्वारा जवाब दिया जाएगा। साथ ही किसान नेताओं द्वारा विस्तृत रूप से अपनी मांगों और आंदोलन से जुड़ी अन्य जानकारियां शेयर की जाएंगी। इस वेबिनार को पब्लिक रखा गया है, यानी आमलोगों को भी अपने सवालों को पूछने का समय दिया जाएगा।



युवा दिवस भी मनाएंगे किसान



ग्लोबल वेबिनार के बीच आज युवा दिवस में भी किसान बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। आंदोलनरत किसानों ने सभी प्रदर्शनस्थलों पर युवा दिवस मनाने का एलान किया है। बताया जा रहा है कि आज सभी धरनास्थलों पर मंच संभालने की जिम्मेदारी युवाओं को दी गई है। युवा किसानों को ही आज लोगों को आगे के कार्यक्रमों की जानकारी देने की जिम्मेदारी दी गई है। किसानों ने सात अलग-अलग दिवस मनाने का एलान किया है जिसमें युवा दिवस भी शामिल है।