नई दिल्ली। लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड्स में इस बार मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय संस्थाओं को मजबूत करने में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है। यह पुरस्कार लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड्स के छठे संस्करण में प्रदान किया जाएगा।
इस संबंध में लोकमत मीडिया ग्रुप के चेयरमैन विजय
दरदा ने दिग्विजय सिंह को औपचारिक पत्र भेजकर समारोह में शामिल होकर स्वयं सम्मान ग्रहण करने का अनुरोध किया है। पत्र के मुताबिक, लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड्स 2024-25 की जूरी ने सर्वसम्मति से दिग्विजय सिंह को यह प्रतिष्ठित सम्मान देने का निर्णय लिया है।
सम्मान समारोह 17 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मौजूद रहेंगे और उन्हीं के हाथों यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
लोकमत मीडिया ग्रुप साल 2017 से लगातार लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड्स का आयोजन कर रहा है, जिसमें राज्यसभा और लोकसभा के उन सांसदों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। इन पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया एक सशक्त और स्वतंत्र जूरी बोर्ड के माध्यम से पूरी तरह मेरिट के आधार पर होती है।
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड ऐसे सांसद को दिया जाता है, जिसने अपने पूरे राजनीतिक जीवन को लोकतंत्र, संविधान और संसदीय परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन के लिए समर्पित किया हो। इससे पहले यह सम्मान डॉ मनमोहन सिंह, शरद पवार, मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे दिग्गज नेताओं को दिया जा चुका है।