अहमदनगर। महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित एक अस्पताल में आग लगने से 11 मरीजों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना शनिवार सुबह 10.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि आईसीयू वार्ड में सुबह अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसने पूरे वार्ड को अपने चपेट में ले लिया। इस हादसे में 11 मरीजों की जलकर मौत हो गयी वहीं कई अन्य मरीज गंभीर रूप से घायल हैं।



केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदनगर की इस घटना पर दुःख जताया है। गृहमंत्री ने ट्वीट किया, 'महाराष्ट्र के अहमदनगर के सिविल अस्पताल में आग लगने से हुई हृदयविदारक दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हूँ। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं व ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।' 





शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक आग लगने के समय आईसीयू वार्ड में कुल 20 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल वहां पहुंची और आग पर काबू पाने में जूट गयी। इस दौरान डॉक्टरों और नर्सों की मदद से कुछ मरीजों को शिफ्ट किया गया। जबकि दर्जनों मरीज आग की चपेट में आ गए थे। 



अहमदनगर के जिला कलेक्टर डॉ राजेंद्र भोसले ने मीडिया को बताया कि अन्य मरीजों को दूसरे कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। साथ ही अस्पताल की फायर ऑडिट हुई है। खबर लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक रिपोर्ट्स में शॉर्ट शर्किट को इसका वजह बताया जा रहा है। अस्पताल में कोरोना मरीजों के इलाज के मकसद से हाल ही में आईसीयू बनाया गया था।