नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज फिर विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के सांसदों को लंच पर बुलाया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों को दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस में लंच मीटिंग के लिए बुलाया है। यह लंच कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में दोपहर 1:45 बजे होगा। 

मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा विपक्षी सांसदों को फिर से लंच पर बुलाए जाने की सूचना आते ही दिल्ली पुलिस अलर्ट हो गई है। कनॉट प्लेस इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की जा रही है। दिल्ली पुलिस के आला अफसर ट्रैफिक और अन्य रूट्स को लेकर बैठक कर रहे हैं। पुलिस की कोशिश होगी कि विपक्षी सांसद जंतर-मंतर अथवा चुनाव आयोग के मुख्यालय तक नहीं पहुंच सकें।

दरअसल, संभावना है कि आज भी लंच के बाद इंडिया ब्लॉक के सभी सांसद जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने के लिए कूच करेंगे। कनॉट प्लेस के बिल्कुल नजदीक जंतर-मंतर है। कनॉट प्लेस से जंतर मंतर की दूरी लगभग 300 से 400 मीटर है। इसके एक दिन पहले 7 अक्टूबर को भी मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों को लंच पर बुलाया था। 

लंच के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने पहुंच गए थे। इस दौरान कांग्रेस प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर झुमाझटकी हुई थी। दिल्ली पुलिस ने बलपूर्वक राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया था। प्रियंका गांधी ने तब दिल्ली पुलिस पर विपक्षी सांसदों से मारपीट के भी आरोप लगाए थे।

बहरहाल, आज एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने विपक्षी सांसदों को लंच पर बुला लिया है। अब देखना होगा कि दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर जाने से रोक पाती है या फिर कांग्रेस सांसद सुरक्षाबलों को चकमा देकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने में कामयाब होंगे? उधर, दिल्ली कांग्रेस कमेटी ने लोगों से राजघाट पहुंचने का आह्वान किया है।