कोलकाता। देशभर में आज ईद का त्योहार पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में रविवार शाम को ईद-उल-फितर का चांद आसमान में नजर आया। इसी के साथ रमजान का पवित्र महीना संपन्न हो गया और आज, सोमवार को देशभर में ईद मनाई जा रही है। इस मौके पर ईद की नमाज अदा करने मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी ईद के मौके पर कोलकाता के ईदगाह पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर विभाजनकारी राजनीति का आरोप लगाते हुए लोगों को एकजुटता का आह्वान किया।
CM ममता बनर्जी सोमवार को ईद के मौके पर कोलकाता में रेड रोड स्थित ईदगाह पहुंचीं। यहां उन्होंने ईद की नमाज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जहां लोगों को एकजुट होने का संदेश दिया तो इशारों-इशारों में बीजेपी पर निशाना भी साधा। ममता ने कहा कि दंगा आमलोग नहीं करते हैं बल्कि कुछ राजनीतिक दल ही ऐसा करते हैं और वो दंगे भड़काने के लिए जनता को उकसाते हैं। CM ने लोगों से आग्रह किया कि वे ऐसे उकसावे में न आएं जिससे सांप्रदायिक दंगे भड़क सकते हैं।
यह भी पढ़ें: देशभर में आज ईद का जश्न, भोपाल में काली पट्टी बांधकर मस्जिद पहुंचे नमाजी
ईद के मौके पर कोलकाता के ईदगाह में मुस्लिम समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा, आप सभी को ईद की शुभकामनाएं। नवरात्रि चल रही है मैं उसके लिए भी शुभकामनाएं देती हूं, लेकिन हम नहीं चाहते हैं कि कोई दंगा करे। आम लोग अराजकता नहीं फैलाते, बल्कि राजनीतिक दल ही ऐसा करते हैं। यह शर्म की बात है। मगर हम सभी धर्मों के लिए अपनी जान कुर्बान करने को तैयार हैं।
ममता बनर्जी ने सोमवार को लोगों से आग्रह किया कि वे ऐसे उकसावे में न आएं जिससे सांप्रदायिक दंगे भड़क सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य के लोगों के साथ खड़ी रहेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य में कोई भी तनाव पैदा न कर सके। मुख्यमंत्री ने वामपंथियों पर निशाना साधते हुए कहा कि लाल और भगवा एक हो गए हैं। लेकिन निश्चिंत रहें, मैं आपको कोई नुकसान होने नहीं दूंगी। उन्होंने सद्भाव और एकता के महत्व पर बल दिया और बार-बार जोर देते हुए कहा, किसी के भी उकसावे में न आएं।