नई दिल्ली। बिहार में चल रहे वोटर अधिकार यात्रा का सोमवार को पटना में समापन हो गया है। पिछले दो हफ्ते से चल रही इस यात्रा का समापन पटना में विपक्षी नेताओं के रोड शो के बाद हुआ। यहां अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार 11 साल से किश्तों में लोकतंत्र को खत्म कर रही है।

खड़गे ने कहा कि बीजेपी ने वोटर अधिकार यात्रा को रोकने की कोशिश की। लेकिन राहुल-तेजस्वी यादव इनसे नहीं डरे। उन्होंने कहा कि मोदी 'वोट चोरी' करने की आदत रखते हैं, वो पैसा चोरी करते हैं, बैंक से चोरी कर जो लोग देश से बाहर जाते हैं उन्हें मोदी संभालते हैं। वोट चोरी कराकर मोदी बिहार में जीतने की कोशिश कर रहे हैं। ये मोदी और शाह बिहार के लोगों को डुबाएंगे इसलिए आपको सतर्क रहना होगा।

उन्होंने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'वोटर अधिकार यात्रा में शामिल महागठबंधन के सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई। 15 दिन तक चली इस यात्रा ने पूरे देश को जगा दिया। इसमें भाजपा ने रुकावट डालने की कोशिशें की। हमारे कांग्रेस ऑफिस पर हमला हुआ। लेकिन बिहार के लोगों ने यात्रा को पूरी तरह सफल बनाया। देश में जब भी कमजोर तबकों के हकूक पर खतरा पैदा होता है, राहुलजी उनकी आवाज बुलंद करते हैं। ‘भारत जोड़ो यात्रा’, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ और ‘जय बापू- जय भीम-जय संविधान’ और अब ये यात्रा इसी कड़ी का हिस्सा है।'

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, 'ये यात्रा बिहार में जहां से गुजरी, करोड़ों लोगों ने सड़कों पर आ कर समर्थन दिया। देश भर में लोकतंत्र समर्थक उनके साथ खड़े रहे। पूरी दुनिया में यात्रा की आवाज पहुंची। यहां हमें साफ़ दिख रहा है कि बिहार की जनता इस ‘डबल इंजन की भ्रष्ट सरकार’ को जड़ से उखाड़ फेंकने का काम करेगी। SIR के मुद्दे पर विपक्ष सही था ये Supreme Court ने भी माना। हम चाहते थे कि संसद में बिहार की वोट चोरी पर चर्चा हो। सारा विपक्ष आंदोलन करता रहा, लेकिन ये चुनाव आयोग को बचाते रहे, लेकिन चर्चा नहीं होने दी।'

खड़गे ने आगे कहा, 'बिहार ने संकट में हमेशा अपने ज्ञान, शक्ति और जज़्बे से देश का मार्गदर्शन किया है।मोदी सरकार 11 सालों से ‘किश्तों में लोकतंत्र’ को खत्म करती जा रही है। इसके लिए चोरी के नए-नए तरीके अपनाती है। पहले देश की करोड़ों रुपए की गरीबों की दौलत अपने चंद जिगरी दोस्तों को बांट दी। मुनाफे के पब्लिक सेक्टर उनको सौंप दिए, फिर उनकी धनशक्ति से विपक्ष की सरकारें गिरा दीं। अब चोरी के बाद ये ‘डकैती’ पर उतर आए हैं। नीतिशजी खुद चल कर हम लोगों के पास आए थे। लेकिन वे डर कर पलट गए। उनमें अन्याय के खिलाफ लड़ने की ताकत नहीं थी। समाजवादी विचारधारा छोड़ वे RSS, BJP के पीछे चले गए।'

कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा कि बिहार की जनता ने समझ लिया है कि ये ‘चोर-चोर मौसेरे भाई’ हैं। बिहार ही नहीं कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरे देश में इनकी असलियत लोगों ने जान लिया है। आप कुछ लोगों को अधिक समय के लिए बेवकूफ बना सकते हैं, कुछ लोगों को कुछ समय के लिए बेवकूफ़ बना सकते हैं, पर सभी को हर समय बेवकूफ़ नहीं बना सकते। मोदी जी ‘चुनावी प्रधानमन्त्री’ हैं। हमेशा Election Mode में रहते हैं। बोगस वोटरों से लेकर झूठे प्रचार, झूठी घोषणाएं, झूठी योजनाएं और जुमलेबाजी करते हैं।  

उन्होंने आरोप लगाया कि देश की राजनीति पर कब्जा करने के लिए मोदीजी ने ED-CBI-IT का इस्तेमाल कर हैं, पर जब expose हो गए, तो विपक्षी सरकारों को डराने के लिए संसद में नया बिल लाए। खड़गे ने कहा, 'ये पहले भ्रष्टाचार और कालाधन ख़त्म करने की बात करते थे। दोनों बढ़ता रहा। हाल में मोदीजी ने कहा कि ‘गुजरात में INVESTMENT कीजिए। currency काली हो या सफेद फर्क नहीं पड़ता।‘ ये इनकी सोच है। मोदी जी आज भी विदेश में हैं। दुनिया भर में फिरते है। पर मणिपुर जलता रहा, नहीं गए। हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों में बाढ और आपदाओं में वे कहीं दिखते।' उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वोट का ये अधिकार गरीबों SC/ST/OBC और महिलाओं का बुनियादी हुकूक है। इसे बचाइए। संविधान और लोकतंत्र को मजबूत कीजिए।