भोपाल। NEET परीक्षा में धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। NSUI के इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल, NEET पेपर लीक के विरुद्ध प्रदर्शन करते हुए एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम हाउस घेराव के लिए निकले थे। पुलिस ने उन्हें रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इस दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार समेत कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पांच बार वॉटर कैनन चलाए, इसके बावजूद कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। 

इसके बाद पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें बस में बिठाकर रातीबड़ थाने ले गई है। इधर, दिग्विजय सिंह की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने प्रदर्शन तेज कर दिया। इस दौरान पुलिस की लाठीचार्ज में प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार समेत कई अन्य घायल हो गए। घायलों को सिद्धांता अस्पताल ले जाया गया है।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, सिलवानी विधायक एवं रायसेन जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, विदिशा जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में NSUI एवं कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी हुई है।