मुंबई। मुंबई के धारावी में लिफ्ट के गेट में फंसने से एक पांच साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट दुर्घटना में मासूम के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। जिसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक पांच वर्षीय मोहम्मद हुजैफा शेख अपने भाई-बहनों के साथ लिफ्ट में था। उन्हें ग्राउंडफ्लोर से ऊपर जाना था। इस दौरान हुजैफा बाहर का ग्रिल लगा रहा था कि लिफ्ट की गेट बंद हो गई। ऐसे में वह लिफ्ट में लगे लकड़ी के गेट और बाहरी ग्रिल के बीच फंस गया। लिफ्ट के अंदर खड़े उसके भाई-बहन जबतक कुछ कर पाते लिफ्ट ऊपरी मंजिल के लिए बढ़ गई।

इस दौरान हुजैफा दोनों गेटों में रगड़ते हुए जाकर ऊपर टकराया। घटने में हुजैफा के सर में बहुत गंभीर चोटें आई जिससे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हुजैफा को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह हादसा धारावी के पालवाड़ी के कोजी शेल्टर इमारत में दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर हुई।