मुंबई। मुंबई के वर्सोवा इलाके में आज सुबह एक एलपीजी गोदाम में भीषण आग लग गई। यारी रोड स्थित सिलेंडर गोदाम में भयंकर आग लगने से इलाके में दहशत है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर कई सिलेंडर अब तक ब्लास्ट हो चुके हैं। अब भी एक के बाद एक सिलिंडर का ब्लास्ट होना जारी है। हादसे में अबतक चार लोगों के झुलसने की खबर है।

दमकल विभाग के अधिकारियों मुताबिक, यह आग लेवल-2 की है जिसे बेहद गंभीर माना जाता है। विभाग की 16 गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए लगाई गईं हैं। बताया जा रहा है कि आग सुबह 10.10 बजे लगी। इस गोदाम में गैस सिलेंडर रखे जाते हैं, इसलिए वह लगातार ब्लास्ट हो रहे हैं। गोदाम के कई वीडियो में सिलेंडर ब्लास्ट को सुना जा सकता है। 

अधिकारियों ने बताया कि इलाके को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है। फिलहाल आग लगने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। रिहायशी इलाके में स्थित इस गोदाम के चारों तरफ आग की लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। यह गोदाम जहां पर है, उसके बगल में एक स्कूल और अस्पताल भी है। फिलहाल दमकल विभाग युद्धस्तर पर इस आग को बुझाने में जुटा हुआ है। वहीं हादसे में घायल चार लोगों को कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिछले 24 घंटे में मुंबई और उसके आस-पास के इलाके में आग लगने की यह चौथी घटना है। इससे पहले मानखुर्द इलाके में आग लग गई थी। लेवल-3 की उस आग पर काबू पाने में दमकल को करीब 20 घंटे से अधिक का वक्त लगा था। मानखुर्द में आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी घायल भी हो गया था।