नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने वाले मंत्री विजय शाह को मंत्री पद से बर्खास्त न करने पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही सेना पर टिप्पणी करने वाले डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा पर भी कार्रवाई न करने पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरा है।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने रविवार को एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'भाजपा के नेताओं में पहलगाम के पीड़ितों और हमारी वीर सेना पर लांछन लगाने की होड़ चल रही है। भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के शर्मनाक बयान ने एक बार फिर RSS-BJP की ओछी मानसिकता को उजागर कर दिया।'
खड़गे ने आगे लिखा, 'MP के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने हमारी जाँबाज़ सेना का अपमान किया, पर मोदी जी ने कोई कार्रवाई नहीं की। MP के मिनिस्टर विजय शाह ने हमारी वीर कर्नल पर भद्दी टिप्पणी की, पर आज तक बर्खास्त नहीं हुए। जब पहलगाम में शहीद नौसेना ऑफ़िसर की पत्नी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा था, तब भी मोदी जी चुप थे।'
कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी से पूछा कि आप कहते हैं कि आपकी रगों में सिंदूर है। अगर ऐसा है, तो आपको महिलाओं के सम्मान के लिए अपने इन बदज़ुबानी नेताओं को बर्खास्त करना चाहिए। बता दें कि हरियाणा से BJP के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने शनिवार को विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि अपना सुहाग खोने वाली महिलाओं में वीरांगना का भाव व जोश नहीं था, इसलिए 26 लोग गोली का शिकार बने। सांसद ने कहा कि पर्यटक हाथ जोड़कर मारे गए। अगर PM की योजना के तहत ट्रेनिंग लेते और सामना करते तो इतनी मौतें नहीं होतीं।