नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर संसद में गतिरोध जारी है। विपक्षी सांसदों ने बुधवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी करते हुए गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकाला।

विपक्षी सांसद 20 जुलाई को जंतर-मंतर प्रदर्शन में छात्रों पर लाठीचार्ज और राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सरकार को घेर रहे हैं। उनकी मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में आकर जवाब दें। इधर विपक्ष का बुधवार को भी संसद में पीएम और शाह के बयान की मांग हंगामा जारी रहा। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू होने के बाद एक मिनट में 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

वहीं राज्यसभा भी पहले 12 बजे तक और फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने राहुल और प्रियंका गांधी के साथ बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने सुचारू रूप से सदन चलाने में विपक्ष से समर्थन मांगा। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे स्पष्ट कर चुके हैं कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सदन में आएं, तभी विपक्ष चर्चा के लिए तैयार होगी।

संसद में प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने E20 फ्यूल का भी मुद्दा उठाया। डिम्पल ने कहा कि E20 फ्यूल इंजन को नुकसान पहुंचा रहा है, और गाड़ी के माइलेज पर भी असर पड़ रहा है। सरकार ने इस मामले पर कोई साफ गाइडलाइन जारी नहीं की है। यह एक ऐसा मुद्दा है जो सीधे आम लोगों को प्रभावित करता है।