कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदबंरम ने देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि भारत एकमात्र देश है जो लॉकडाउन रणनीति का लाभ उठाता नहीं दिख रहा है। उन्होंने सितंबर के अंत तक भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 65 लाख होने का अनुमान जताया। चिदंबरम ने सरकार पर यह हमला देश में कोविड-19 मरीजों की संख्या 40 लाख के पार पहुंचने पर किया। 



चिदंबरम ने कहा, ‘‘मैंने 30 सितंबर तक संक्रमितों की संख्या 55 लाख होने का अनुमान जताया था। मैं गलत था। भारत 20 सितंबर तक ही उस आंकड़े पर पहुंच जाएगा और सितंबर के अंत संक्रमितों की संख्या 65 लाख तक पहुंच सकती है।’’





पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत एकमात्र देश है जो लॉकडाउन रणनीति का लाभ उठाता नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिनों में कोरोना वायरस को हराने का वादा किया था और उन्हें बताना चाहिए कि क्यों भारत असफल हुआ जबकि अन्य देश सफल होते दिख रहे हैं।’’



Click: Coronavirus India: भारत में एक दिन में रिकॉर्ड 86,432 पॉज़िटिव



एक अन्य ट्वीट में चिदंबरम ने अर्थव्यवस्था की हालत पर वित्त मंत्रालय पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास वित्तवर्ष 2020-21 की पहली तिमाही में अभूतपूर्व नकरात्मक वृद्धि का उत्तर नहीं है।



पूर्व वित्तमंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन वह भारत के लोगों को भ्रमित करने और फिर से विकास की रफ्तार पकड़ने के दावे के पुराने खेल के साथ सामने आया है।’’