नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मई 2022 से दिसंबर 2024 तक 38 विदेश यात्राएं की। ढाई वर्ष में हुए इन यात्राओं पर भारत सरकार ने करीब 259 करोड़ रुपए खर्च किए। केंद्र सरकार की ओर से जारी आकड़ों के मुताबिक, पीएम मोदी का सबसे महंगा दौरा जून 2023 में अमेरिका का था, जिस पर ₹22.89 करोड़ खर्च हुए। इसके अलावा, सितंबर 2024 में हुए अमेरिका दौरे पर भी ₹15.33 करोड़ खर्च हुए।
यह जानकारी विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में दी। दरअसल, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम की विदेश यात्राओं पर भारतीय दूतावासों द्वारा किए गए कुल खर्च और यात्रा-वार खर्च का ब्योरा मांगा था। इन दौरों में अमेरिका, जापान, जर्मनी, फ्रांस, रूस, इटली, पोलैंड, ब्राजील, ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, मिस्र और दक्षिण अफ्रीका जैसे प्रमुख देश शामिल थे।
मई 2023 में प्रधानमंत्री की जापान यात्रा से संबंधित आंकड़ों के अनुसार उस पर 17 करोड़ 19 लाख 33 हजार 356 रुपये खर्च हुए थे, जबकि मई 2022 में नेपाल यात्रा पर 8001483 रुपये खर्च हुए थे। पीएम मोदी के ताबड़तोड़ विदेश यात्राओं को लेकर विपक्ष जहां हमलावर रहती है। वही, सरकार का कहना है कि ये यात्राएं भारत की कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने के लिए जरूरी हैं।
केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर भी केंद्र सरकार घिरी हुई है। बीते दिन वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा में बताया कि सांसदों, विधायकों सहित नेताओं पर ED के दर्ज मामलों में दोष साबित होने की दर बेहद कम है। पिछले 10 साल में ED ने 193 नेताओं पर केस दर्ज किए, जिनमें केवल 2 साबित हो सके। हालांकि, इस दौरान किसी को निर्दोष करार नहीं दिया गया।