मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में पुलिस ने पराली जलाने के आरोप में 5 किसानों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां किशनी थाना क्षेत्र में हुई हैं। इस गिरफ्तारी के दौरान एक किसान को कॉलर पकड़कर खींचने की तस्वीर वायरल हो गई है। किसानों के साथ यूपी पुलिस के ऐसे बर्ताव पर प्रदेश के किसानों में काफी नाराज़गी है।

दरअसल, एसडीएम रामसकल मौर्य और उप कृषि निदेशक डीवी सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र की चेकिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान पराली जलाने के कई मामले सामने आये। उन्होंने पांच किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूरे इलाके में इसकी चर्चा है क्योंकि यहां पहली बार पराली जलाने के मामले में किसी किसान को जेल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस और किसानों के बीच इस दौरान विवाद भी हुआ। इतना ही नहीं किशनी इंस्पेक्टर अजित सिंह एक किसान को कॉलर पकड़कर घसीटते हुए ले गए।

किसान को कॉलर पकड़कर ले जाने की यही तस्वीर वायरल हो गई है। इससे नाराज़ लोगों का कहना है कि हमारे किसानों के साथ इस तरह का बर्ताव ठीक नहीं है। किसान देश का अन्नदाता है, जो अपनी मेहनत से सिर्फ अपना ही नहीं, सारे देश का पेट भरता है।

पराली जलाने के आरोप में पुलिस ने जिन किसानों को गिरफ्तार किया है उनमें राजेंद्र सिंह पुत्र कोमल सिंह निवासी पृथ्वीपुर, भूरे पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी नगला आखे, राम कैलाश पुत्र लखन सिंह और उदय प्रताप सिंह पुत्र सोरवन सिंह निवासी अजीजपुर शामिल हैं।