कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार सिर्फ ढोंग और झूठे प्रचार में लगी है। यही वजह है कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं और उन पर परदा डालने के लिए शुरू किया गया मिशन शक्ति अभियान पूरी तरह नाकाम रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध मिशन शक्ति अभियान की नाकामी को उजागर कर रहे हैं।



प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, यूपी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर पर्दा डालने के लिए बीजेपी सरकार का मिशन शक्ति विफल रहा है। प्रियंका ने एक खबर का हवाला देते हुए दावा किया है कि एक युवती को जलाने वालों के खिलाफ एक महीने बाद मामला दर्ज हो रहा है। अपराध बढ़ते जा रहे हैं। बता दें कि हाल ही में एक भदोही में 21 वर्षीय महिला को उसके घर के अंदर बदमाशों ने जलाकर मार दिया था और पुलिस ने एक महीने देरी से मामला दर्ज किया था। प्रियंका गांधी ने इस खबर का लिंक शेयर करते हुए यूपी में मिशन शक्ति को विफल बताया है।



 





 



उन्होंने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार का उद्देश्य केवल ढोंग व झूठा प्रचार हो तो मिशन फेल हो ही जाएंगे। गौरतलब है कि अक्टूबर में यूपी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया था। जिसमें अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी गई थी। उस वक्त यूपी सरकार ने कहा था कि अगर कोई महिलाओं के खिलाफ अपराध करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।