नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बड़ा खुलासा किया है। प्रियंका गांधी ने बताया है कि उनके बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक किए जा रहे हैं। इसका सीधा आरोप उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर लगाया है। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि ये लोग अब मेरे बच्चों के इंस्टाग्राम को भी हैक करने पर उतारू हो गए हैं। कांग्रेस नेता ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के पास और कोई काम नहीं है क्या? 

इससे ठीक एक दिन पहले प्रियंका गांधी ने फोन टैपिंग विवाद पर बोलते हुए कहा था कि एक सरकार का क्या दायित्व होता है? विकास करना, लोगों की समस्याओं को हल करना, अत्याचार को रोकना। लेकिन यह सरकार विपक्ष के नेताओं के फोन टैप करने में लगी हुई है।

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ पर फोन टैप करवाने का आरोप लगाया था। अखिलेश यादव ने कहा था कि हमारे सभी फोन कॉल्स सुने जा रहे हैं, समाजवादी पार्टी कार्यालय में आने वाले तभी फोन कॉल्स सुने जाते हैं। सीएम योगी खुद रोजाना शाम को कुछ रिकॉर्डिंग सुनते हैं। अगर कोई हमसे संपर्क करे, उसकी बातों को भी सुना जा रहा है। लोगों को खुद यह सोचना होगा कि यह सरकार कितनी अनुपयोगी है। 

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावों से पहले बीजेपी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने ऐंडी चोटी का ज़ोर लगा रखा है। अखिलेश यादव जगह जगह यात्रा निकाल रहे हैं। जबकि प्रियंका गांधी राज्य के तमाम हिस्सों में लोगों से संपर्क कर रही हैं। कांग्रेस पार्टी यह चुनाव महिलाओं को केंद्र में रख कर लड़ रही है। प्रियंका गांधी का 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा युवतियों के बीच काफी प्रचलित हो रहा है। 

यह भी पढ़ें : कोरोना से संक्रमित हुए बीएसपी सांसद दानिश अली, कल संसद की कार्यवाही में लिया था हिस्सा

वहीं युवतियों और महिलाओं के बीच प्रियंका गांधी की इस बढ़ती लोकप्रियता को देख बीजेपी ने भी महिला वोटरों को लुभाना शुरू कर दिया है। आलम यह है कि आज खुद प्रधानमंत्री मोदी प्रयागराज में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में शिरकत करने पहुंच गए। प्रधानमंत्री ने यहां पर महिला स्व सहायता समूहों को हजार करोड़ रुपए की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। जबकि 202 टेक होम राशन प्लांट का भी शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कन्या सुमंगल योजना के तहत एक लाख लाभार्थियों के खाते में बीस करोड़ की राशि ट्रांसफर की। 

दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी पीएम पर तंज कसने के साथ साथ उत्तर प्रदेश की महिलाओं को आगाह किया। प्रियंका गांधी ने पीएम के कार्यक्रम को लेकर कहा कि यूपी की महिलाओं देख लो। आपने तो केवल अंगड़ाई ली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके सामने झुक गए। मगर अभी तो सिर्फ पत्ता हिला है, महिला शक्ति का तूफान अभी आने वाला है।