नई दिल्ली/गुवाहाटी। प्रधानमंत्री मोदी के भाषण का प्रियंका गांधी ने करारा जवाब दिया है। मोदी ने शनिवार को असम के छाबुआ में दिशा रवि के टूलकिट वाले मामले को लेकर कहा कि वे काफी दुखी हैं। इस पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पलटवार करते हुए कहा है कि मोदी एक महिला के ट्वीट से दुखी हैं लेकिन असम में आई बाढ़ से मोदी को ज़रा भी दुख नहीं पहुंचा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले साल ब्रह्मपुत्र नदी में बाढ़ आने से 28 लाख लोग प्रभावित हो गए। लेकिन प्रधानमंत्री चुप रहे। सीएए आंदोलन के दौरान पांच युवकों की जान चली गई। मोदी को इस पर दुख नहीं हुआ लेकिन उन्हें एक महिला के ट्वीट से दुख पहुंच गया।

प्रियंका ने मोदी के भाषण का ज़िक्र करते हुए कहा कि जब पीएम ने गंभीरता से कहा कि वे काफी दुखी हैं, तो मुझे लगा असम में बीजेपी द्वारा किए गए कार्यों को लेकर दुखी होंगे। वे बीजेपी के काम पर बोलेंगे। लेकिन मोदी ने इसके बजाय 22 वर्षीय महिला के ट्वीट पर बोलना ज़्यादा मुनासिब समझा। प्रियंका ने कहा कि मोदी उस समय दुखी क्यों नहीं थे जब लोग डूब रहे थे? जब लोग मर रहे थे तब उन्हें दुख क्यों नहीं हुआ? उन्हें उस दौरान दुख क्यों नहीं हुआ जब आपने लोगों को किए हुए वादे पूरे नहीं किए? प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी ने युवाओं, श्रमिकों से लेकर समाज के हर तबके को धोखा दिया है।

प्रियंका गांधी ने मोदी के डबल इंजन वाली सरकार वाले बयान का भी मज़ाक उड़ाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार तो असम में चल रही है। यहां तो दो दो सरकारें चल रही हैं। प्रियंका गांधी का इशारा राज्य के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और हेमंत बिस्व सरमा के बीच चल रही खींचतान को लेकर था। प्रियंका गांधी ने कहा कि असम में दो दो मुख्यमंत्री हैं। भगवान आपको बचाए।