नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। मंगलवार को इंडिया ब्लॉक के सांसद संसद परिसर से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोक दिया। हालांकि, राहुल और प्रियंका गांधी आकाशवाणी परिसर तक पहुंच गए। यहां वे धरने पर बैठ गए।
राहुल और प्रियंका गांधी 5 घंटे से ज्यादा समय से दिल्ली के आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे हैं। आकाशवाणी से चुनाव आयोग का ऑफिस 270 मीटर दूर है। राहुल गांधी ने कहा कि हम सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहतें हैं। उन्हें मिलना ही पड़ेगा। हमें यहां बैठने में कोई दिक्कत नहीं है। जब तक बैठना होगा, हम बैठेंगे। अगर आप चाहते हैं तो हमें हटा दो, कोई भी जगह दे दो हम वहां बैठ जाएंगे।
राहुल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 19 विपक्षी पार्टियों के सेव डेमोक्रेसी मार्च में शामिल थे। संसद से चुनाव आयोग के ऑफिस जा रहे मार्च को पुलिस ने रोका, राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेकर बस में बैठाया, तो वे उतरकर आकाशवाणी परिसर में पेड़ के नीचे बैठ गए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी में भाजपा की मदद की है, उनसे मिलकर ही जाऊंगा। हमारे साथ 300 सांसद हैं, हमारी बात न सुनना देश का अपमान है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि आकाशवाणी भवन परिसर में प्रदर्शन जारी रहेगा। अगर दिल्ली पुलिस को यहा प्रदर्शन से असुविधा है तो पुलिस उन्हें दूसरी जगह उपलब्ध करा सकती है। संविधान हमें प्रदर्शन करने का अधिकार देता है।