जयपुर। राजस्थान के कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।लगातार पारा गिरने से ठंड के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। दिन हो या रात शीतलहर जारी है। माउंट आबू में तो तामपान शून्य से भी नीचे चला गया। शेखावाटी में भी पारा लगातार गिर रहा है। नागौर में दिन भर कोहरे की चादर छाई रही।

राजस्थान में सबसे कम तापमान माउंट आबू में -1.0 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सीकर में तापमान 0.5 डिग्री तक गिर गया। इस साल यह दूसरा मौका है जब माउंट आबू में माइनस में तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान के कई शहरों में 10 डिग्री से कम तापमान दर्ज किया गया। इनमें जयपुर में रात में 8.4 डिग्री, चूरू में 2.2 डिग्री, पिलानी में 2.5, बीकानेर में 3.5, सीकर के फतेहपुर में 3.8 डिग्री, बाड़मेर में 7.5 और जैसलमेर में 5.2 डिग्री रहा। हर जिले के तापमान में 3-6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

राज्य में शीतलहर चलने से जन-जीवन प्रभावित होने लगा है। दो दिन से लगातार तापमान गिरता जा रहा है। कुछ स्थानों पर फसलों पर बर्फ की चादर देखने को मिली। लोगों ने अलाव का सहारा लेना शुरु कर दिया है। गर्म कपड़े पहनने के बाद भी लोग ठिठुरते नजर आए।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और ज्यादा ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है।