रोहतक। रेपिस्ट राम रहीम पर हरियाणा की बीजेपी सरकार एक बार फिर मेहरबान दिख रही है। साध्वियों के साथ बलात्कार के मामलों में सजायाफ्ता राम रहीम शुक्रवार सुबह पैरोल पर बाहर आ गया। इस बार सरकार ने उसे एक महीने की पैरोल दी है। इससे पहले पंजाब चुनाव के समय हरियाणा सरकार ने उसे 21 दिनों का पैरोल दिया था।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम रोहतक जेल से बाहर आने के बाद अब यूपी के बागपत स्थित अपने डेरा आश्रम में पहुंचा है। अगले एक महीने तक वह यहीं रहेगा। बताया जा रहा है कि यहां उसके साथ उसकी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत भी गई है। यहां डेरा के आसपास के इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चुस्त कर दिया है। डेरे के भीतर किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: अग्निपथ की आग में जल रहा बिहार, 19 जिलों में हालात बेकाबू, भीड़ ने 6 ट्रेनें फूंक दी, दक्षिण भारत में भी विरोध
डेरा पहुंचने के बाद राम रहीम ने अपने समर्थकों को वीडियो संदेश भी भेजा है। इसमें उसने कहा कि, 'संगत आप हमारी हर बात मानते है। हमने जेल से आपको 10 चिठी भेजी है। आपने अपने घर में रहना है। डेरा के मैनेजमेंट के के आदेशों पर काम करना है। साथ ही प्रशासन के साथ मिलकर काम करना है और उनके आदेशों को भी मानना है। पिछली बार भी पैरोल पर छूटने के बाद संगत ने उनके आदेशों की पालन की थी।' राम रहीम ने सर्मथकों से कहा कि वह ज्यादा भागा दौड़ी ना करें। अपने-अपने काम करते रहें। सेवादार आप लोगों के पास आएंगे और उनकी बातों को फोलो करना है।
राम रहीम साध्वी यौन शोषण व दो हत्याओं के मामले में सुनारिया जेल में अगस्त 2017 से ही सजा काट रहा है। उसे पंचकूला की सीबीआई कोर्ट ने अगस्त 2017 में साध्वी यौन शोषण मामले में 20 साल की सजा सुनाई थी। वहीं कैथल के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति मर्डर केस में भी राम रहीम को सजा मिली है। उसे यह पैरोल हरियाणा सरकार की तरफ से मिला है। वह इससे पहले भी दो बार पैरोल ले चुका है। इस साल 7 फरवरी को 21 दिन की पैरोल मिली थी और सरकार की तरफ से बकायदा जेड प्लस सिक्योरिटी भी मुहैया करवाई गई थी। उस समय राम रहीम ज्यादातर अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा था।