पटना। बिहार में छात्रों पर एके-47 के इस्तेमाल के आरोप को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की अगुवाई में आरजेडी ने गांधी मैदान से राजभवन तक मार्च निकाला। हालांकि‍, पुल‍िस ने इस मार्च को बीच में ही रोक द‍िया और तेजस्‍वी यादव को ह‍िरासत में ले ल‍िया। इस दौरान तेजस्वी यादव के समर्थकों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दिया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों का मार्च राजभवन तक था, लेकिन आयकर विभाग पर ही रोक दिया गया है। इस सरकार के खिलाफ हम लोग लड़ते रहेंगे। हम लोग जेल से डरने वाले नहीं है।तेजस्‍वी ने कहा कि हम छात्रों के हक और अधिकार के लिए, बेरोजगारी को मिटाने के लिए, पेपर लीक रोकने के लिए, पारदर्शी परीक्षा, अच्छी शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य और बिहार को आगे बढ़ाने के लिए हम लोग हमेशा आवाज उठाते रहेंगे और लड़ते रहेंगे।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा क‍ि छात्रों पर गोली चलाने के मामले में सरकार को स्पष्ट करना होगा कि एके-47 से फायरिंग का आदेश किसने दिया था। दरअसल, समर्थकों के साथ तेजस्वी डाकबंगले पर लगाई बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए। इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाई। इसके बाद तेजस्वी को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने कहा कि मैं जेल से डरने वाला नहीं हूं। हमारे भगवान श्री कृष्ण का जन्म जेल में ही हुआ था। जो सत्ता में आया है, उसका जाना तय है।