नई दिल्ली। असम विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद सर्बानंद सोनोवाल से मुख्यमंत्री की गद्दी छीनने वाली बीजेपी ने उन्हें कैबिनेट में जगह दी है। सर्बानंद सोनोवाल ने मंत्रिपद की शपथ ले ली है। सर्बानंद सोनोवाल दूसरी मर्तबा मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल होने जा रहे हैं।  

सर्बानंद सोनोवाल असम के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। सोनोवाल ने 2016 से 2021 तक मुख्यमंत्री के रूप में अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। लेकिन इस मर्तबा भी नतीजा बीजेपी के पक्ष में आने के बावजूद सोनोवाल की जगह बीजेपी ने हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री बना दिया। 

सोनोवाल से मुख्यमंत्री का पद लिए जाने के बदले में उन्हें मंत्रिपद थमाया गया है। सोनोवाल दूसरी मर्तबा मोदी कैबिनेट का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इससे पहले वे 2014 से 2016 के दरमियान मोदी सरकार में खेल मंत्री रह चुके हैं। 

सोनोवाल ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। सोनोवाल 1992 से 1999 तक असम के सबसे पुराने छात्र संगठन आसु के अध्यक्ष भी थे। इसके बाद वे असम गण परिषद में शामिल हो गए। 2001 में पहली बार विधायक बने। 2004 में डिब्रूगढ़ से लोकसभा सांसद बने। लेकिन 2009 में वे लोकसभा चुनाव हार गए। 2011 में वे बीजेपी में शामिल हो गए।