नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार सुबह ठीक 9:13 बजे झंडेवालान स्थित बीडी तमिल एजुकेशन स्कूल में पहली धमकी भरी कॉल आई जिसमें परिसर में बम होने की सूचना दी गई। इसके तुरंत बाद शहर के अन्य नामी स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिलने की खबर सामने आई जिससे हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। बिना देरी किए स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल भवनों के भीतर कक्षाओं, कार्यालयों और कॉमन एरिया के साथ साथ आसपास के इलाकों की भी बारीकी से जांच की। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में धमकियां फर्जी प्रतीत हो रही हैं। हालांकि, अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ जांच जारी रखे हुए हैं।

एहतियातन कई स्कूलों में कक्षाएं तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई हैं। बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को तुरंत सूचना देकर बुलाया जबकि कुछ स्कूलों ने छात्रों को बसों और निजी वाहनों के जरिए सुरक्षित घर भेजने की व्यवस्था की। अचानक आई सूचना से अभिभावकों में चिंता का माहौल दिखा लेकिन पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया गया है और किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।

दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी के स्रोत का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साइबर टीम कॉल की लोकेशन और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह किसी संगठित गिरोह की करतूत है या किसी व्यक्ति द्वारा अफवाह फैलाने की कोशिश है। स्कूलों को अलर्ट पर रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।