पुरी। ओडिशा के पुरी में गुरुवार को जगन्नाथ रथयात्रा शुरू होते ही भगदड़ मच गई। भगदड़ में एक श्रद्धालु की दम घुटने से मौत हो गई है। जबकि 100 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) ले जाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 120 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दावा है कि भीड़ ज्यादा होने के कारण लोगों को दम घुटने की समस्या हुई। इससे पहले शाम 5.05 बजे जगन्नाथ मुख्य मंदिर से शुरू हुई। इस वक्त तेज बारिश हो रही थी। इसके बावजूद यात्रा रूट पर 10 लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे।

बता दें कि पुरी में सुरक्षा के कई लेयर वाले इंतजाम किए गए थे और इस उत्सव के लिए 19 IPS अधिकारियों के साथ लगभग 13,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अहम जगहों पर सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) की 15 कंपनियों को तैनात किया गया है, जिनमें CRPF, BSF, RAF और नेशनल सिक्योरिटी फोर्स शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कुल 473 AI-पावर्ड CCTV कैमरे, जो ड्रोन-जैमिंग सिस्टम से जुड़े हैं, दो कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटरों के जरिए ग्रैंड रोड और आस-पास के इलाकों पर नजर रख रहे हैं। भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और ओडिशा पुलिस मैरीटाइम स्टेशन की संयुक्त पेट्रोलिंग व्यवस्था भी शुरू की गई है और क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गई हैं। हालांकि, 10 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटने के कारण भगदड़ जैसी हालात उत्पन्न हुई।