सीकर। राजस्थान के मशहूर खाटूश्यामजी के मासिक मेले में सोमवार सुबह भगदड़ मच गई। सीकर जिले में स्थित इस मंदिर में तीन महिला भक्तों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह मंदिर के प्रवेश द्वार खोलते ही भगदड़ मच गई। सुबह पांच बजे मंदिर के प्रवेश द्वार खोलते ही भीड़ का दबाव बढ़ने की वजह से भगदड़ मच गई थी। इस दौरान कई महिला और पुरुष श्रद्धालु नीचे गिर गए और उन्हें उठने का मौका ही नहीं मिल पाया। ठीक इसी दौरान तीन महिलाओं की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: मुस्लिम समझकर दलित युवक को बेरहमी से पीटा, धर्म जानने के लिए उतारे कपड़े

इस दौरान वहां अफरातफरी मच गई। तीन की मौत के अलावा कई अन्य घायल भी हो गए। सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए घायलों को अस्पताल के लिए रेफर किया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीमें घटनास्थल और अस्पताल में पहुंचीं।

दरअसल, आज चंद्र कैलेंडर का 11वां दिन खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए शुभ माना जाता है, जिन्हें भगवान कृष्ण का अवतार माना जाता है। खाटू श्यामजी मंदिर राजस्थान के सबसे महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों में से एक माना जाता है और हर साल लाखों की संख्या में लोग इस मंदिर में आते हैं। लेकिन मंदिर का क्षेत्रफल कम होने के चलते यहां आए दिन छिटपुट हादसे होते रहते हैं।