कोलकाता। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा को टीएमसी ने अपना राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। यशवंत सिन्हा को टीएमसी ने पार्टी की नेशनल वर्किंग कमेटी का भी सदस्य बनाया गया है। तृणमूल कांग्रेस महासचिव सुब्रत बक्षी ने यशवंत सिन्हा के दोनों पदों पर नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। 

यशवंत सिन्हा नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी को चोट लगने के बाद टीएमसी में शामिल हुए हैं।  यशवंत सिन्हा ने टीएमसी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद ममता बनर्जी को बेहद जुझारू और देश के लिए हर कुर्बानी देने की तैयारी रखने वाली नेता बताया था। उन्होंने इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण की घटना का ज़िक्र करते हुए बताया था कि कंधार हाईजैक के समय बंधक यात्रियों को छुड़ाने के लिए ममता बनर्जी अपना बलिदान देने को तैयार थीं। 

यशवंत सिन्हा इससे पहले लंबे अरसे तक बीजेपी के बड़े नेता रह चुके हैं। यशवंत सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्त मंत्री और विदेश मंत्री की ज़िम्मेदारी संभाल चुके हैं। सिन्हा बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे हैं। यशवंत सिन्हा ने 2014 के बाद बीजेपी के नए नेतृत्व के साथ मतभेदों की वजह से 2018 में बीजेपी छोड़ दी।