भोपाल। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक बार फिर चुनाव लड़ने की इच्छा दोहराई है। उमा भारती ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि मैं 2029 का चुनाव झांसी से ही लड़ूंगी। उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा लोकसभा चुनाव लड़ने की ही है। लड़ूंगी तो झांसी से ही लड़ूंगी। पार्टी कहेगी तो चुनाव लड़ूंगी, मना नहीं करूंगी।
उमा भारती ने बुधवार को भोपाल स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में हाशिए पर नहीं हूं। गाय और गंगा, यह कार्य राजनीति के लिए नहीं बल्कि दिल से कर कर रही हूं। इसके अलावा पॉलिटिक्स में मेरी कोई और रुचि नहीं है।
उमा भारती ने ऐलान किया कि गोपाष्टमी पर 29 अक्टूबर को वह गो-संवर्धन अभियान का शुभारंभ करेंगी। उमा भारती के मुताबिक यह अभियान डेढ़ साल तक चलेगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों से सहयोग लिया जाएगा। इससे किसानों को जोड़ा जाएगा।
उमा भारती ने आगे कहा कि मैं चाहती हूं कि लाड़ली बहनों को 2 गाय दी जाएं, क्योंकि लाड़ली बहनें ही गायों को पालने का काम अच्छे से कर सकती हैं। गाय तब बचेगी जब किसान चाहेगा। गो, गंगा आत्मनिर्भर भारत की धुरी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 नवंबर को गंगा सफाई का अभियान चलेगा। जिसमें सभी प्रदेशों से प्रमुख लोग प्रयागराज पहुंचेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मेरी इच्छा है जल्द वन इलेक्शन वन नेशन हो जाएं। इसमें 45 दिन में लोकसभा से लेकर लोकल इलेक्शन हो जाएं। इससे सरकार के बड़े अभियान प्रभावित नहीं होंगे। बहुत पहले मैंने कन्याकुमारी से भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा कि पद और पोजीशन के लिए शातिर होना पड़ता है।