मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों कोंकण और मुंबई में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र तटीय इलाकों में 10 जून से मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई है। जिसके बाद मुंबई के निचले इलाकों, जर्जर भवनों को खाली करने का आदेश प्रशासन ने दे दिया है। वहीं खतरे वाली जगहों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की तैयारी है।

केंद्रीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र बनने की संभावना है। जिसकी वजह से पश्चिम बंगाल समेत ओडिशा, बिहार और झारखंड में भी बारिश हो सकती है। यही वजह है कि मध्य प्रदेश चक्रवाती हवाएं चल रही हैं, मध्यप्रदेश में प्री मानसून एक्टिविटी शुरू हो चुकी हैं। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में प्री मानसून का असर दिखा। 20 जून तक मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में मानसून पहुंचने की संभावना है। तेलंगाना में 11 जून, महाराष्ट्र में 15 जून, बिहार और छत्तीसगढ़ में 16 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है। पंजाब 28 जून, दिल्ली, हरियाणा 27, राजस्थान 30 जून तक मानसून पहुंचने की उम्मीद है।  

सोमवार शाम मध्यप्रदेश के भोपाल,  मंदसौर, सागर, इंदौर, शाजापुर, छिंदवाड़ा में बारिश हुई। भोपाल के कई इलाकों में बारिश हुई। भोपाल में 14.5 मिमी जबकि इंदौर में करीब 3 इंच बारिश दर्ज की गई।

 मानसून ने केरल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और नार्थ ईस्ट और महाराष्ट्र में दस्तक दे दी है। मुंबई के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 13 राज्यों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मंगलवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं केरल, लक्षद्वीप, समूचे दक्षिण भारत और नार्थ ईस्ट में बरसात का मौसम शुरु हो गया है। जबकि पंजाब, हरियाणा में बारिश का इंतजार है।