नई दिल्ली। दुनियाभर में आज यानी 10 अक्टूबर को वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे मनाया गया। इस अवसर पर भारत में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक अहम कदम उठाया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को देश की मेंटल हेल्थ एंबेसडर घोषित किया है।
फिल्मी दुनिया में अपनी सशक्त भूमिकाओं और ईमानदार व्यक्तित्व के लिए जानी जाने वाली दीपिका पादुकोण मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लंबे समय से मुखर पर रही हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से बताया है कि वे खुद डिप्रेशन जैसी समस्याओं से गुजर चुकी हैं और अब इसी अनुभव के आधार पर दूसरों को जागरूक करना चाहती हैं। उनकी इस पारदर्शिता और संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें इस अभियान का चेहरा बनाया है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने Tele MANAS ऐप का नया वर्जन भी लॉन्च किया है। यह ऐप मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहे लोगों को समय पर सहायता देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। नए वर्जन में मल्टी-लिंगुअल इंटरफेस, चैटबॉट फीचर और इमरजेंसी मॉड्यूल जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इससे देश के किसी भी हिस्से में बैठे व्यक्ति को अपने मन की समस्या साझा करने और त्वरित मदद पाने में आसानी होगी।
जेपी नड्डा ने कहा, “एक स्वस्थ मन से ही स्वस्थ शरीर बनता है और जब मन और शरीर दोनों स्वस्थ हों, तभी देश स्वस्थ बनता है।” उन्होंने आगे बताया कि Tele MANAS की नई सुविधाओं से मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं अब देश के हर कोने तक पहुंचेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, दीपिका पादुकोण का इस अभियान से जुड़ना इसे नई दिशा देगा. वे लोगों को मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने और समय रहते मदद लेने के लिए प्रेरित करेंगी। दीपिका ने भी कई मौकों पर कहा है कि मानसिक परेशानी कोई कमजोरी नहीं बल्कि यह भी एक स्वास्थ्य स्थिति है जिसका इलाज और समझ दोनों जरूरी है। उनके अनुभव और स्पष्ट दृष्टिकोण से सरकार को उम्मीद है कि अधिक लोग अब संकोच छोड़कर सहायता मांगने के लिए आगे आएंगे।