रायपुर। कोंडागांव जिले के शिल्पकार अशोक चक्रधारी का बनाया अनोखा दिया सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस मिट्टी के दीपक की खूबी है कि यह 24 घंटे से 40 घंटे तक लगातार जल सकता है।  यह एक ऐसा दिया है जिसमें आप एक बार तेल डाल देंगे तो वह जल्दी खत्म नहीं होगा। अशोक के इस इनोवेटिव दिए के लिए उन्हें नेशनल मेरिट अवार्ड से भी नवाजा गया है।

अशोक चक्रधारी बरसों से शिल्पकारी करते हैं, इस दीपावली उन्होंने एक ऐसा मिट्टी का दीपक बनाया है, कई दिन लगातार जल सकता है। अपने इस इनोवेटिव आइडिया के बारे में उनका कहना है कि उन्होंने करीब 35 साल पहले एक ऐसा दिया देखा था। जिसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह दिया तैयार किया है।

अब इन दियों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। अब लोग फोन पर ही अशोक चक्रधारी को दियों का आर्डर दे रहे हैं। उनका कहना है कि वे रोजाना करीब 50-60 ऐसे विशेष दीपक तैयार कर रहे हैं।  

यह दिया मिट्टी से तैयार किया जाता है, फिर उसके बाद एक गुंबद में तेल भर कर दिये को पलटकर रखा जाता है। दिए के गुंबद में एक टोटी बनी है जिससे तेल बूंद-बूंद करके गिरता रहता है।

इस डिजाइनर दिए की खूबी यह है कि जैसे ही दिये का तेल खत्म होगा तब टोटी से तेल टपकने लगेगा। जैसे ही दिया में तेल से भर दिया जाएगा, तब तेल टपकना बंद हो जाएगा है। यह पूरी प्रोसेस गुंबद की टोटी में हवा के प्रेशर से होती है। इस अनोखे दीपक की कीमत साइज के हिसाब से 250-300 रूपये रखी गई है। इस दिवाली इसकी काफी डिमांड है।